Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेईई मेन सेशन-2 की परीक्षा 2 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। पेपर-1 (बी.ई./बी.टेक) की परीक्षा 2, 4, 5, 6 और 8 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। पेपर-2ए (बी.आर्क), पेपर-2बी (बी.प्लानिंग) और दोनों पेपरों की परीक्षा 7 अप्रैल 2026 को होगी।

परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे और उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

ड्रेस कोड के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने चाहिए। लड़कों को चेन, रिंग जैसी धातु की वस्तुएं या भारी बटन वाले कपड़े पहनने से बचना चाहिए। लड़कियों को दुपट्टा, स्टोल या अधिक गहने पहनने से बचना चाहिए।

अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट और एक मूल फोटो आईडी प्रूफ साथ लाना अनिवार्य है। स्वीकार्य आईडी में स्कूल आईडी कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, आधार कार्ड (फोटो सहित), ई-आधार (फोटो सहित), कक्षा 12वीं बोर्ड एडमिट कार्ड (फोटो सहित) या बैंक पासबुक शामिल हैं। साथ में साधारण पारदर्शी बॉल पॉइंट पेन और पासपोर्ट साइज कलर फोटो भी ले जाना चाहिए।

परीक्षा केंद्र में ज्योमेट्री या पेंसिल बॉक्स, हैंडबैग, पर्स, कोई भी स्टेशनरी, पढ़ाई की सामग्री, खाना-पीना, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या धातु की कोई वस्तु ले जाना सख्ती से वर्जित है। बिना एडमिट कार्ड और फोटो आईडी के परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्र पर समय पर पहुंचने की जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version