Skip to main content

समाचार मिर्ची

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पिछले 24 घंटों से लगातार मूसलाधार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। इससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जिले में कुल 13 सड़कें बंद हो गई हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 216 ट्रांसफॉर्मर ठप पड़ गए हैं, जिससे अंधेरा छा गया है।

प्रशासन ने एहतियातन 15 घरों को खाली करवा दिया है, लेकिन लगातार गिरते मलबे के कारण खतरा अभी भी बना हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर जाचनी दर्रा मलबे और कीचड़ से बंद है, जबकि मणिकर्ण-बरशैनी मार्ग पर घटीगढ़ दर्रा अवरुद्ध है। यह मार्ग पिछले साल भी बार-बार प्रभावित हुआ था। बंजार और मनाली में दो-दो, कुल्लू में पांच तथा निरमंड में चार सड़कें बंद हैं।

कुल्लू के इन्नर अखाड़ा बाजार में भी भूस्खलन जारी है, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। एनएचपीसी स्टेज-थ्री डैम साइट रोड भी बंद होने से स्कूली बच्चे पैदल चलने को मजबूर हैं। उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है तथा सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version