जबलपुर। मध्यप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम चकमा दे रहा है वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 10 जून को मध्यप्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज़ हवाएँ चल सकती हैं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, सागर और रीवा सहित 32 जिलों में बिजली गिरने और तूफानी हवाओं का खतरा बताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल सकती हैं। बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।
प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है और आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और जिलों तक फैल सकता है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
