Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ नस्लीय और आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी महिला रूबी जैन और उसके पति हर्ष जैन को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान मामले में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। अब इसकी जांच एसीपी स्तर के अधिकारी की निगरानी में की जा रही है।

यह घटना 20 फरवरी की है, जब अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियां अपने किराए के फ्लैट में एयर कंडीशनर लगवा रही थीं। इंस्टॉलेशन के दौरान ड्रिलिंग से कुछ धूल-मिट्टी नीचे वाले फ्लैट में गिर गई, जिस पर पड़ोसी महिला ने आपत्ति जताई। शुरू में यह सामान्य पड़ोसी विवाद था, लेकिन जल्द ही यह नस्लीय टिप्पणियों में बदल गया। आरोपी महिला ने युवतियों के खिलाफ आपत्तिजनक और नस्लीय कमेंट किए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला को अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते देखा जा सकता है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया और कड़ी कार्रवाई की मांग हुई।

पीड़ित युवतियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर धाराएं लगाई गईं। बाद में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं जोड़कर आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ जारी है। आरोपी पक्ष ने सफाई देते हुए कहा है कि विवाद को एकतरफा पेश किया गया है और धूल के साथ मलबा गिरने से नुकसान की आशंका बनी थी। उन्होंने गुस्से में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के लिए माफी मांगी है, लेकिन मंशा अपमान करने की नहीं बताई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version