कोलकाता।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के खिलाफ तीखा हमला बोला। उन्होंने संकल्प लिया कि पहले बंगाल से भाजपा को हटाया जाएगा और फिर दिल्ली की सत्ता से भी उन्हें उतार फेंका जाएगा। ममता बनर्जी ने कहा, “यह मेरा वादा है, पहले बंगाल से भाजपा को हटाऊंगी और फिर दिल्ली की कुर्सी से भी उन्हें उतार फेंकूंगी।”
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्ष को दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि वे देश को बर्बादी की ओर ले जा रहे हैं। ममता ने जनता से भाजपा को सबक सिखाने की अपील भी की।
इस बीच, भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यायिक अधिकारियों पर हमले और घेराव की घटनाएं राज्य की स्थिति की गंभीरता दर्शाती हैं। मालदा जिले के कालियाचक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों ने बीडीओ कार्यालय में सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव किया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे राज्य प्रशासन की पूर्ण विफलता बताया और केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग ने आठवीं पूरक मतदाता सूची जारी की है। अब तक लगभग 52 लाख मामलों का सत्यापन और निपटारा किया जा चुका है, जबकि करीब आठ लाख मामलों पर काम जारी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को कराए जाएंगे।
