मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना नदी में शुक्रवार को एक नाव पलटने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा दोपहर सवा तीन बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्री बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है। नाव में 25 से 27 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना, मुक्तसर, जगरांव तथा हरियाणा के हिसार से आए तीर्थयात्री थे। नाव पांटून पुल से टकराने के बाद पलट गई।
हादसे से तुरंत पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें नाव पर बैठे श्रद्धालु खुशी-खुशी तालियां बजाते हुए ‘राधे-राधे’ का जप कर रहे हैं। वीडियो में किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई दिख रही है। हादसे के तुरंत बाद का दूसरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग यमुना नदी में डूबते नजर आ रहे हैं।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 16 व्यक्तियों को बचाया गया है। कुछ लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। बचाए गए और घायल तीर्थयात्रियों को जिला संयुक्त चिकित्सालय, मांट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडे ने हादसे की पुष्टि की। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की है।
