मेक्सिको। मेक्सिको में रविवार (22 फरवरी 2026) को एक ऐतिहासिक घटना घटी, जिसने पूरे देश को हिंसा की आग में झोंक दिया। मेक्सिकन सेना ने दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड्स में से एक, जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के प्रमुख नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वांटेस, जिन्हें ‘एल मेंचो’ के नाम से जाना जाता है, को मार गिराया। उनकी मौत के बाद CJNG के सदस्यों ने बदले की कार्रवाई में कई राज्यों में सड़कें जाम कर दीं, गाड़ियां और दुकानें जला दीं, जिससे स्थिति युद्ध जैसी हो गई। विशेष रूप से पर्यटन स्थल प्यूर्टो वल्लार्टा में नारको-ब्लॉकेड (नशीले पदार्थों से जुड़े रोड ब्लॉक) ने शहर को ठप कर दिया, जहां धुआं और गोलीबारी की खबरें आ रही हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि, मेक्सिकन रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक बयान में बताया कि टपालपा शहर (जलिस्को राज्य) में सेना ने गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चलाया। एल मेंचो को गोली लगी और उन्हें मेक्सिको सिटी ले जाते समय उनकी मौत हो गई। ऑपरेशन में चार CJNG सदस्य मौके पर मारे गए, जबकि दो अन्य ट्रांसफर के दौरान मारे गए। तीन सैनिक घायल हुए। एल मेंचो 59 वर्ष के थे और पूर्व पुलिस अधिकारी रह चुके थे। उन्होंने 2009 में CJNG की स्थापना की, जो अब मेक्सिको का सबसे शक्तिशाली और हिंसक कार्टेल बन चुका है। अमेरिका ने उन्हें फेंटेनिल और अन्य ड्रग्स की तस्करी के लिए $15 मिलियन का इनाम रखा था और CJNG को आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
गौरतलब हैं कि, अमेरिका की भूमिका भी चर्चा में है। ट्रंप प्रशासन ने मेक्सिको पर कार्टेल्स पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाया था। ऑपरेशन में अमेरिकी खुफिया जानकारी का इस्तेमाल हुआ, जो US-Mexico जॉइंट टास्क फोर्स के जरिए आया। ट्रंप ने कार्टेल्स को आतंकवादी घोषित करने और सैन्य कार्रवाई की धमकी दी थी। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने ‘किंगपिन स्ट्रैटजी’ की आलोचना की, जहां लीडर मारने से हिंसा बढ़ती है।
वही गौर करने वाली बात यह भी हैं कि, एल मेंचो CJNG के सह-संस्थापक थे और कार्टेल को मेक्सिको का सबसे शक्तिशाली बनाया। उन्होंने ड्रग तस्करी, अपहरण, जबरन वसूली और ईंधन चोरी जैसे अपराधों का जाल फैलाया। उनकी मौत मेक्सिको सरकार के लिए बड़ी जीत है, लेकिन इससे हिंसा का नया दौर शुरू हो सकता है। पर्यटक क्षेत्रों में अमेरिकी नागरिकों को शेल्टर इन प्लेस अलर्ट जारी किया गया है।
चलते चलते बता दें कि, प्यूर्टो वल्लार्टा जैसे पर्यटन हब में स्थिति चिंताजनक है। वीडियो में धुआं, जलती गाड़ियां और भागते लोग दिख रहे हैं। स्थानीय अधिकारी स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कार्टेल की ताकत से चुनौती बड़ी है। मेक्सिको में ड्रग वॉर पहले से ही हजारों मौतें ले चुकी है, और यह घटना इसे और उग्र बना सकती है।
