नई दिल्ली। प्याज की फसल तैयार होने के बाद किसानों के सामने उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने की चुनौती होती है। गलत स्टोरेज की वजह से प्याज सड़ने, अंकुरित होने या वजन घटने जैसी समस्याएं आती हैं, जिससे नुकसान होता है। सही तरीके अपनाकर बिना कोल्ड स्टोरेज के भी प्याज को कई महीनों तक अच्छी स्थिति में रखा जा सकता है।
प्याज को स्टोर करने से पहले उसे अच्छी तरह सुखाना सबसे जरूरी है। फसल निकालने के बाद प्याज को दो-तीन दिन तक छायादार और हवादार जगह पर फैलाकर रखना चाहिए, जिससे बाहरी परत सूख जाए और अतिरिक्त नमी निकल जाए। बिना सुखाए स्टोर करने पर फफूंद और सड़न का खतरा बढ़ जाता है। पहाड़ी इलाकों में किसान अक्सर बरामदे, टिन शेड या खुले छायादार स्थान पर इसे सुखाते हैं।
इस कड़ी में जानकारी दे दें कि, नमी प्याज खराब होने की मुख्य वजह है। इसलिए स्टोरेज की जगह सूखी और साफ होनी चाहिए। प्याज को सीधे जमीन पर न रखकर लकड़ी के तख्तों, बांस के मचान या जालीदार प्लेटफॉर्म पर रखें ताकि नीचे से हवा आती रहे। प्लास्टिक की बंद थेलियों में कभी न रखें। इसके बजाय बांस की टोकरियों, जूट की बोरियों, लकड़ी के क्रेट या जालीदार बैगों का इस्तेमाल करें, जिनमें हवा का आवागमन बना रहता है।
वैज्ञानिक तरीके से घटेगा नुकसान
कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक सही पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट अपनाकर प्याज में होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। भारत में हर साल बड़ी मात्रा में प्याज स्टोरेज के दौरान खराब हो जाता है। यदि किसान वैज्ञानिक सलाह के अनुसार सुखाने, स्टोर करने और नियमित निगरानी के उपाय अपनाएं तो नुकसान कम होगा और आय में बढ़ोतरी हो सकती है।
विशेषज्ञ किसानों को सलाह देते हैं कि स्टोरेज के लिए हमेशा स्वस्थ और अच्छी गुणवत्ता वाले प्याज का ही चयन करें। कटे, चोट लगे या बीमार प्याज को अलग रखना चाहिए, क्योंकि ये जल्दी खराब होकर पूरे स्टॉक को प्रभावित कर सकते हैं।
कुल मिलाकर, बिना कोल्ड स्टोरेज के भी प्याज को सुरक्षित रखना संभव है, बशर्ते किसान सही तकनीकों और सावधानियों का पालन करें। कम लागत वाले ये उपाय किसानों की मेहनत और फसल दोनों को सुरक्षित रखने में मददगार साबित हो सकते हैं।
कुल मिलाकर, बिना कोल्ड स्टोरेज के भी प्याज को सुरक्षित रखना संभव है, बशर्ते किसान सही तकनीकों और सावधानियों का पालन करें। कम लागत वाले ये उपाय किसानों की मेहनत और फसल दोनों को सुरक्षित रखने में मददगार साबित हो सकते हैं।
