देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष की सूची खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि इसमें सिनेमा, खेल, संगीत, राजनीति, न्यायपालिका, साहित्य और शिक्षा जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 130 हस्तियों को सम्मानित किया गया है। सबसे बड़ी और भावनात्मक घोषणा दिवंगत फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण देने की रही, जिसने देशभर में उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री को भावुक कर दिया है।न
इस बार 13 लोगों को पद्म भूषण पुरस्कार की घोषणा हुई है, जबकि 113 लोगों को पद्म श्री पुरस्कार दिया गया है. धर्मेंद्र के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस, वायलिन वादक एन राजम, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े पी नारायणन और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन को पद्म विभूषण दिया जाएगा.मशहूर गायिका अलका याग्निक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत जेएमएम नेता शिबू सोरेन, बीजेपी के दिवंगत नेता विजय कुमार मल्होत्रा और पूर्व टेनिस प्लेयर विजय अमृतराज को पद्म भूषण पुरस्कार दिया गया है।
धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण
भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने दशकों तक अपनी अभिनय प्रतिभा से लाखों दिलों पर राज किया। एक्शन, रोमांस और सामाजिक फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। सरकार ने उनके आजीवन योगदान और भारतीय सिनेमा को समृद्ध करने में उनकी भूमिका को सम्मान देते हुए उन्हें देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण देने की घोषणा की है। यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा, जो उनकी विरासत और सांस्कृतिक योगदान को चिरस्थायी बनाता है।
पद्म विभूषण पाने वाली अन्य हस्तियां
धर्मेंद्र के अलावा इस वर्ष चार अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने का एलान किया गया है। इनमें
- सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस,
- प्रसिद्ध वायलिन वादक एन. राजम,
- साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले पी. नारायणन,
- और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन शामिल हैं।
इन सभी हस्तियों ने अपने-अपने क्षेत्र में दशकों तक विशिष्ट और प्रभावशाली योगदान देकर देश को नई दिशा दी है।
इस वर्ष पद्म भूषण से सम्मानित होने वाली हस्तियों में कई जाने-माने नाम शामिल हैं। इनमें
- मशहूर पार्श्व गायिका अलका याग्निक,
- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी,
- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत जेएमएम नेता शिबू सोरेन,
- भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता विजय कुमार मल्होत्रा,
- और भारत के पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज शामिल हैं।
