पाकिस्तान। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। गुरुवार आधी रात से लागू नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत 137.23 रुपये बढ़कर 458.41 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमत 184.49 रुपये बढ़कर 520.35 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। केरोसिन की कीमत भी 34.08 रुपये बढ़कर 457.80 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
पेट्रोल में 43 प्रतिशत और डीजल में 55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले महीने पेट्रोल की कीमत 321.17 रुपये और डीजल की 335.86 रुपये प्रति लीटर थी। इस बढ़ोतरी से पहले भी दोनों ईंधनों में 55 रुपये की वृद्धि हो चुकी थी।
सरकार ने इस फैसले को अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच फरवरी में शुरू हुए युद्ध का असर बताया है। इससे होर्मुज जलडमरूमध्य प्रभावित हुआ और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं। वर्तमान में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 109.03 डॉलर प्रति बैरल है। इसके अलावा पाकिस्तानी रुपये की गिरावट, विदेशी मुद्रा भंडार की कमी और आईएमएफ की शर्तों के तहत सब्सिडी समाप्त करने जैसे कारकों ने भी कीमतों को प्रभावित किया।
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने इसे मुश्किल फैसला बताते हुए कहा कि वैश्विक बाजार की स्थिति को देखते हुए यह जरूरी था। उन्होंने वित्तीय अनुशासन और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने का उद्देश्य बताया। सब्सिडी अब केवल जरूरतमंद वर्गों तक सीमित रहेगी। इस बढ़ोतरी से माल ढुलाई, कृषि और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें प्रभावित होने की आशंका है।
