पटना। में ईद-उल-फित्र का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। गांधी मैदान में बारिश के बीच हजारों लोगों ने ईद की नमाज अदा की। करीब 20 हजार नमाजियों की मौजूदगी में माहौल रूहानी हो गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने एक साथ नमाज पढ़ी। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
इस बार गांधी मैदान में करीब 20 वर्षों की परंपरा टूट गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली बार ईद की नमाज में शामिल नहीं हुए। मुख्यमंत्री बनने के बाद से वह हर साल यहां पहुंचते रहे थे। उनकी अनुपस्थिति से राजनीतिक गलियारों में हलचल मची। हालांकि, सरकार या प्रशासन की ओर से कोई विशेष वजह सामने नहीं आई।
मुख्यमंत्री की जगह उनके बेटे निशांत कुमार कार्यक्रम में शामिल हुए। उनकी सुरक्षा में मुख्यमंत्री स्तर की पूरी व्यवस्था रही। निशांत कुमार के साथ मंत्री अशोक चौधरी समेत जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच पर मुस्लिम नेताओं ने उनका स्वागत किया और गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
गांधी मैदान में नमाज के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम और बेहतर व्यवस्था की गई। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच हुई। लाउडस्पीकरों की व्यवस्था से इमाम की आवाज हर नमाजी तक पहुंची। पटना जंक्शन जामा मस्जिद और फुलवारीशरीफ समेत अन्य स्थानों पर भी नमाज अदा की गई। बारिश के बावजूद आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
