नई दिल्ली। देश में एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। मंगलवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में लगभग 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। यह बढ़ोतरी 15 मई शुक्रवार को हुई 3 रुपये प्रति लीटर की पिछली बढ़ोतरी के महज तीन दिन बाद हुई है।
गौरतलब हैं कि, पिछली बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर था। नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है।अन्य प्रमुख शहरों में भी दाम बढ़े हैं। मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया। कोलकाता में पेट्रोल 109.70 रुपये और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया।
बढ़ोतरी का कारण मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष खासकर ईरान में युद्ध के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर बताया गया है। तेल विपणन कंपनियां लगभग 10 हफ्तों से पुरानी दरों पर ईंधन बेच रही थीं, जिससे उनका नुकसान बढ़ गया था।
