नई दिल्ली।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जल्द ही किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर हो सकती है। योजना में पहले से रजिस्टर्ड किसानों के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य नहीं है। हालांकि, नई रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों को कुछ राज्यों में फार्मर आईडी बनवाना जरूरी है। ये राज्य हैं आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश।
सभी लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी अपडेट होना अनिवार्य है, ताकि किस्त में कोई रुकावट न आए। यदि ई-केवाईसी पूरा है, तो 22वीं किस्त सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगी। पहले से रजिस्टर्ड किसान जिनका ई-केवाईसी अपडेट है, वे इस किस्त के पात्र हैं। नई रजिस्ट्रेशन वाले किसानों को फार्मर आईडी और ई-केवाईसी दोनों की आवश्यकता है।
ई-केवाईसी अपडेट करने के तरीके में ऑनलाइन सेल्फ ई-केवाईसी शामिल है। किसान पीएम किसान पोर्टल पर लॉगिन करें, फार्मर कॉर्नर में ई-केवाईसी पर क्लिक करें, आधार नंबर और बैंक खाता विवरण भरें, मोबाइल पर ओटीपी से वेरिफाई करें और सबमिट करें। सफलता का संदेश मिलने पर प्रक्रिया पूरी हो जाती है। वैकल्पिक रूप से नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर या बैंक शाखा में जाकर भी ई-केवाईसी करवाया जा सकता है।
