नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जल्द जारी होने वाली है। अगर किसानों ने अभी तक जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की हैं, तो उनकी ₹2000 की किस्त अटक सकती है। सरकार के अनुसार e-KYC, आधार से बैंक खाता लिंकिंग और बैंक विवरण की सही जानकारी होना अनिवार्य है।
e-KYC कैसे करें
किसान PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Farmers Corner सेक्शन में e-KYC विकल्प चुन सकते हैं। आधार नंबर दर्ज करने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए OTP से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। अगर ऑनलाइन संभव न हो तो नजदीकी Common Service Center (CSC) पर जाकर भी e-KYC करवाया जा सकता है।
यहां यह जानकारी देते चले कि, किसान PM-KISAN पोर्टल पर जाकर अपना Beneficiary Status भी आसानी से चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें वेबसाइट के Farmers Corner सेक्शन में जाना होगा।वहां Beneficiary Status विकल्प चुनने के बाद किसान आधार नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक खाता संख्या दर्ज करके अपनी जानकारी देख सकते हैं। इसके जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि किस्त की स्थिति क्या है और कहीं कोई दस्तावेज अधूरा तो नहीं है।
यदि स्टेटस में e-KYC Pending, Aadhaar Authentication Failed या Bank Details Incorrect जैसी जानकारी दिखाई देती है, तो किसानों को तुरंत सुधार करवाने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
कृषि विभाग और संबंधित अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही बैंक खाते की जानकारी और DBT स्टेटस भी जांच लें।
जो किसान पहले से योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें भी समय-समय पर अपना विवरण अपडेट करते रहना चाहिए। इससे भुगतान में किसी प्रकार की बाधा नहीं आती।23वीं किस्त जारी होने से पहले सरकार द्वारा सत्यापन प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ऐसे में किसानों के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारी सही रखें, ताकि उन्हें समय पर ₹2000 की अगली किस्त मिल सके।
