समाचार मिर्ची

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस और एसआईटी की जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ और निशानदेही के आधार पर नकदी सहित अन्य सामग्री की बरामदगी व संबंधित कड़ियों को खोलने का प्रयास कर रही है।उधर, 6 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में सचिव चंपतराय और ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र के इस्तीफे पर अहम चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। रामशंकर यादव टिन्नू की गिरफ्तारी के बाद बढ़े दबाव के बीच ट्रस्ट ने दोनों के त्यागपत्र की घोषणा की थी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने एक्स पर पुष्टि करते हुए कहा कि आगामी बैठक में इस पर विचार किया जाएगा।

वही, ट्रस्ट डीड के अनुसार, दोनों एक महीने का नोटिस देकर ही त्यागपत्र दे सकते हैं। बिना नोटिस के त्यागपत्र का प्रावधान नहीं है। हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पाठक के मुताबिक, यदि ट्रस्टी चाहें तो दो तिहाई बहुमत से इन्हें ट्रस्ट से हटाया भी जा सकता है। ट्रस्ट के उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार, बैठक में चंपतराय और डॉ. अनिल पद छोड़ने के लिए नोटिस दे सकते हैं। नियमानुसार नामित ट्रस्ट सदस्य आजीवन रहने का भी प्रावधान है।

चलते चलते बताते चले कि, बैठक को लेकर चर्चा गर्म है। अधिवक्ताओं के विरोध के बीच विश्व हिंदू परिषद और संतों के एक धड़े ने चंपतराय के पक्ष में समर्थन जताया है। बैठक के दिन दिल्ली या नागपुर से आरएसएस का कोई बड़ा पदाधिकारी अयोध्या पहुंच सकता है। 15 सदस्यीय ट्रस्ट की बैठक में कई सदस्य वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे, जबकि कुछ आईएएस अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हो सकते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version