छापर (चूरू), 26 मार्च 2026। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर छापर कस्बे में धार्मिक उल्लास का माहौल छा गया। विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने भव्य अभिषेक पूजन और आरती का आयोजन किया। गुरुवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालु भगवान श्रीराम की जन्म-कथा का पाठ कर रहे थे और विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे थे।
श्रीराम सेना के सहयोग से छापर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर चेतावास, पाण्डोराई, बणजारा बस्ती, रेलवे स्टेशन रोड, बस स्टैंड, चोपड़ा बाजार, रतनगढ़ रोड, मुंधड़ा गेस्ट हाउस, अशोक स्तंभ और पुरानी मोटर गैरेज होते हुए श्री रघुनाथ मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में यात्रा को भक्तों ने जोर-शोर से स्वागत किया। यात्रा में गाजे-बाजे, सजे-धजे ऊंट, घोड़े, रथ और डीजे बैंड की धुन के साथ भगवान श्रीराम लला, राम दरबार, शिव दरबार तथा राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए, रंगोलियां बनाई गईं और पुष्प वर्षा कर भक्तों ने यात्रा का स्वागत किया।
श्री रघुनाथ मंदिर में पंडित नारायण प्रसाद बोरायड़ा के आचार्यत्व में राम जन्मोत्सव का विशेष आयोजन हुआ। यहां भक्तों ने राम-जन्म की कथा सुनी और सामूहिक आरती में भाग लिया। शोभायात्रा में सैकड़ों स्थानीय निवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष महेश रतावा, बाबूलाल जाजू, दीपक चांगल, पुरुषोत्तम सुरेखा, राधाकृष्ण मूंधड़ा, भवानी पारीक, श्रवण माली, गजानंद स्वामी, जयराम जांगीड़, महावीर खटीक सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
