Skip to main content

समाचार मिर्ची

विदिशा।केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार (6 जुलाई) को अपने गृह नगर विदिशा में किसानों के साथ हुई बड़ी लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसानों को खराब सोयाबीन बीज दिए गए, जिससे फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को सख्त सजा मिलेगी और किसानों को पूरी राहत और मुआवजा दिया जाएगा।

वही, विदिशा के किसानों ने बताया कि, उन्होंने सोसायटियों और डीलरों से सरकारी रजिस्टर किए गए बीज खरीदे थे। फसल बोने के बाद उम्मीद थी कि अच्छी पैदावार होगी, लेकिन हफ्तों बाद भी खेतों में बीज अंकुरित नहीं हुए। इस वजह से किसान दोहरी मार झेल रहे हैं—न केवल उनकी फसल बर्बाद हो गई बल्कि उन्होंने जो कर्ज लिया था, उसकी किश्तें भी अटक गईं।

वही, शिवराज सिंह ने कहा कि क्षेत्र के सांसद और विधायक को साथ लेकर किसान उनके पास पहुंचे थे। किसानों ने बताया कि कई खेतों में सोयाबीन नहीं उगा है। इसके बाद शिवराज सिंह किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने कई खेतों में बोए हुए बीज भी निकालकर देखे, जिनमें अंकुरण नहीं हुआ था। मीडिया से बात करते समय ये बीज शिवराज सिंह के हाथ में थे। शिवराज ने कहा कि वह पूरे मामले की जांच कराएंगे कि ये बीज कहां से आए। किस कंपनी ने दिए या फिर किस सोसायटी से आए। इसके बाद अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके साथ शिवराज ने कहा कि सरकार किसानों को राहत और मुआवजा दिलाएगी।

किसानों के लिए यह राहत की बात है कि केंद्रीय कृषि मंत्री ने खुद मौके पर जाकर हालात देखे और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है। किसानों को अब उम्मीद है कि उन्हें जल्दी ही न्याय और मुआवजा मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version