Skip to main content

समाचार मिर्ची

लद्दाख। लद्दाख के मिनीमार्ग चेकपोस्ट पर एक पर्यटक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सुरक्षाकर्मियों से बहस करते हुए खुद को ‘जेन Z’ बताती नजर आती है और सुरक्षा प्रोटोकॉल मानने से इनकार करती है। वह प्रतिबंधित इलाके में जाने की जिद भी करती दिखती है। महिला फोन से वीडियो रिकॉर्ड करते हुए कहती है- ‘हम Gen-Z हैं और यह बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे।’ वह वहां मौजूद अन्य पर्यटकों से अपनी बात का समर्थन करने की अपील भी करती है।

गौरतलब हैं कि, वीडियो को लेकर शुरू में दावा किया जा रहा था कि यह कश्मीर का है, जहां सुरक्षाकर्मियों द्वारा रास्ता बंद किए जाने के विरोध में महिला हंगामा कर रही हैं। बताया जा रहा था कि ट्रैवल रिस्ट्रिक्शन की वजह से महिला समेत कई पर्यटक घंटों से वहां फंसे हुए थे और करीब पांच घंटे इंतजार के बाद महिला का गुस्सा फूट पड़ा। पड़ताल में सामने आया है कि वीडियो कश्मीर नहीं, बल्कि लद्दाख के मिनीमार्ग चेकपोस्ट का है। यह चेकपोस्ट द्रास के पास जोजिला पास के निकट संवेदनशील इलाके में स्थित है। यहां सुरक्षा, मौसम और ऑपरेशनल जरूरतों के चलते कई बार ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका जाता है। वीडियो जुलाई का पुराना है, जो अब वायरल हो रहा है।

यहां यह बताते चले कि, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा कि यह ‘We are Gen-Z’ अब नए ‘जानते नहीं हो मेरे बाप कौन हैं’ जैसा हो गया है। उन्होंने कहा कि Gen Z के लिए लोगों की सहानुभूति खत्म करने का सबसे आसान तरीका यही है कि छोटी-सी बात पर इसे धमकी की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया जाए।

आखिर में बताते चले कि, काउंटर डिसइनफॉर्मेशन सेंटर ने वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे उस दावे को फर्जी बताया है, जिसमें कहा जा रहा था कि भारतीय सेना ने कश्मीर से लद्दाख जाने वाली सड़क इसलिए बंद की क्योंकि उस इलाके पर चीन ने कब्जा कर लिया है। सेना ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो जुलाई का पुराना है और इसमें दिख रहा चेकपोस्ट पुलिस का था, सेना का नहीं। सेना ने यह भी साफ किया कि इस मामले का भारतीय सेना से कोई संबंध नहीं है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version