नेपाल के दक्षिणी हिस्से में भारतीय सीमा से सटे पारसा और धनुषा जिलों में सांप्रदायिक तनाव एक बार फिर भड़क उठा है। जनवरी 2026 की शुरुआत में ही यह घटना सामने आई, जब सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विवादास्पद टिकटॉक वीडियो ने दो समुदायों के बीच गहरा मतभेद पैदा कर दिया। धनुषा जिले में एक मस्जिद में तोड़फोड़ और कथित तौर पर कुरान की प्रति जलाने की घटना के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसके विरोध में पारसा जिले के बीरगंज में हिंसक प्रदर्शन हुए।
धनुषा पुलिस के अनुसार, टिकटॉक वीडियो पोस्ट करने वाले दो युवकों और मस्जिद तोड़फोड़ में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को रोकने के लिए कदम उठाए हैं।
इस घटना के विरोध में रविवार को पारसा जिले के बीरगंज में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए, नारे लगाए और पुलिस पर पथराव किया। स्थिति हिंसक होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन पर भी हमला किया। इस झड़प में सात पुलिसकर्मी घायल हुए। पारसा जिले के पुलिस प्रवक्ता डिप्टी सुपरिंटेंडेंट राजू कार्की ने बताया कि स्थिति बाद में नियंत्रण में आ गई, लेकिन तनाव बरकरार है।
जानकारी दे दें कि, स्थिति को देखते हुए पारसा जिला प्रशासन ने सोमवार को बीरगंज मेट्रोपॉलिटन सिटी के कुछ हिस्सों में निषेधाज्ञा (प्रोहिबिटरी ऑर्डर) लागू की, जो बाद में कर्फ्यू में बदल गई। कर्फ्यू को मंगलवार दोपहर 1 बजे तक बढ़ा दिया गया है। यह आदेश लोकल एडमिनिस्ट्रेशन एक्ट, 2028 की धारा 6(a) के तहत जारी किया गया है, जिसमें किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, प्रदर्शन या सार्वजनिक गतिविधि पर रोक है। प्रभावित क्षेत्र में बस पार्क से सिरसिया ब्रिज तक का इलाका शामिल है।
बता दें कि, तनाव को देखते हुए भारत ने भी सख्त कदम उठाए। रक्सौल (बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में) स्थित भारत-नेपाल बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। मैत्री पुल सहित सभी चेकपॉइंट्स पर आवाजाही रोक दी गई है। केवल आपातकालीन सेवाओं को अनुमति है। एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और स्थानीय पुलिस ने सीमा पर गश्त बढ़ा दी है। इससे दोनों तरफ व्यापार और आवागमन प्रभावित हुआ है। रक्सौल बाजार में नेपाली ग्राहकों की कमी से कारोबार ठप हो गया है।
