Skip to main content

समाचार मिर्ची

समस्तीपुर। प्याज की खेती करने वाले किसानों के लिए सरकार की ओर से आधुनिक गोदाम निर्माण पर अनुदान देने की योजना संचालित की जा रही है। अक्सर अच्छी पैदावार के बाद उचित भंडारण न होने से प्याज खराब हो जाता है या किसानों को कम कीमत पर बेचना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए निर्धारित क्षमता वाला प्याज भंडारण गोदाम तैयार कराया जा सकता है।

योजना के तहत गोदाम निर्माण की इकाई लागत छह लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें सरकार की ओर से 75 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। इस प्रकार पात्र किसान को करीब 4.50 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है। बिहार हॉर्टिकल्चर विभाग के पदाधिकारी बीएचओ गणेश कुमार ने बताया कि अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुक किसान के बैंक खाते में भेजी जाती है।

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को बिहार कृषि एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान प्याज भंडारण गोदाम निर्माण से संबंधित विकल्प का चयन करना आवश्यक है। आवेदन जमा होने के बाद संबंधित विभाग दस्तावेजों और निर्माण कार्य का सत्यापन करेगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास जमीन से संबंधित रसीद और फार्म रजिस्ट्रेशन आईडी समेत आवश्यक दस्तावेज होना जरूरी है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पूरी राशि एक साथ नहीं, बल्कि निर्माण की प्रगति और सत्यापन के आधार पर किस्तों में दी जा सकती है। पहले चरण में काम पूरा होने के बाद सत्यापन होगा और नियमानुसार राशि खाते में भेजी जाएगी। गोदाम का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा होने के बाद शेष अनुदान भी जारी किया जाएगा। आवेदन में किसी समस्या पर किसान नजदीकी प्रखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, जहां जरूरी सहायता दी जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version