नई दिल्ली: वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी रेजरपे ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए बाजार नियामक SEBI के पास गोपनीय रूप से मसौदा दस्तावेज जमा कर दिए हैं। इस प्रस्तावित IPO का आकार 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये के बीच होने की संभावना है।
कंपनी ने सोमवार को जारी सार्वजनिक सूचना में कहा कि उसने प्रस्तावित IPO के संबंध में अपने इक्विटी शेयरों के लिए मसौदा दस्तावेज SEBI और शेयर बाजारों के पास जमा किए हैं। हालांकि, कंपनी ने निर्गम के आकार का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार इसका आकार 5,000-6,000 करोड़ रुपये हो सकता है।
रेजरपे की स्थापना वर्ष 2014 में हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने की थी। यह कंपनी एकीकृत मंच के माध्यम से भुगतान स्वीकृति, बैंकिंग, भुगतान वितरण, पेरोल, ऋण और अन्य वित्तीय सेवाएं प्रदान करती है। यह स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (MSME) तथा बड़ी कंपनियों समेत लाखों व्यवसायों को सेवाएं देती है। कंपनी को वर्ष 2020 में यूनिकॉर्न का दर्जा प्राप्त हुआ था।
चलतेचलते बता दें कि, यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब प्रतिद्वंद्वी कंपनी फोनपे ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और बाजार की अस्थिरता के कारण अपना IPO फिलहाल टाल दिया है। रेजरपे के IPO का अंतिम आकार, मूल्यांकन और समय-सीमा नियामकीय मंजूरी तथा बाजार परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
