नई दिल्ली। भारत के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति (Vice President of India) के लिए आज मतदान हो रहा है। संसद भवन परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी है। इस बार मुकाबला एक ओर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन और दूसरी ओर इंडिया गठबंधन द्वारा समर्थित उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच है।
इजानकारी दे दें कि, इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य गुप्त मतदान प्रणाली के तहत सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान (Vice President Election 2025 LIVE Polls) करेंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव में कोई आश्चर्यजनक परिणाम आने की उम्मीद नहीं है क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास संख्याबल उसके पक्ष में है। हालांकि, इंडिया ब्लॉक कई अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर, एनडीए उम्मीदवार को कड़ी टक्कर देने की तैयारी कर रहा है। विपक्ष को उम्मीद क्रॉस वोटिंग पर है।
एनडीए बनाम इंडिया ब्लॉक: संख्याबल का खेल
संख्याबल की दृष्टि से एनडीए के पक्ष में स्पष्ट बढ़त दिखाई देती है। लोकसभा में भाजपा अकेले 290 से अधिक सांसदों के साथ बहुमत में है। एनडीए के घटक दलों के सांसद जोड़कर यह आंकड़ा 350 से अधिक हो जाता है। वहीं राज्यसभा में भी भाजपा और सहयोगी दलों की मजबूत उपस्थिति है।
भारत में उपराष्ट्रपति का पद केवल औपचारिक नहीं है। वे राज्यसभा के सभापति (Chairman of Rajya Sabha) भी होते हैं। संसद के ऊपरी सदन की कार्यवाही को संचालन और अनुशासन में रखने की जिम्मेदारी उन्हीं की होती है। इसके अलावा, राष्ट्रपति की अनुपस्थिति या असमर्थता की स्थिति में उपराष्ट्रपति को कार्यवाहक राष्ट्रपति की भूमिका निभानी पड़ सकती है। यही कारण है कि इस चुनाव को केवल राजनीतिक टकराव नहीं बल्कि संविधान और संसदीय लोकतंत्र की मजबूती से भी जोड़कर देखा जाता है।
बता दें कि, उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 केवल एक संवैधानिक प्रक्रिया नहीं बल्कि सत्ता और विपक्ष दोनों के लिए राजनीतिक संदेश देने का अवसर है। संसद भवन में हो रही वोटिंग से यह तय होगा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों में से एक पर कौन बैठेगा – एनडीए समर्थित सी.पी. राधाकृष्णन या विपक्ष समर्थित बी. सुदर्शन रेड्डी।
