नई दिल्ली। उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 10:20 बजे जेस्सोर रोड स्थित दोहड़िया इलाके में यह घटना हुई। जांच एजेंसियों का मानना है कि हत्या प्रोफेशनल किलर्स ने अंजाम दी, जिन्होंने घटनास्थल की 3-4 दिन पहले से रेकी की थी।
41 वर्षीय चंद्रनाथ रथ अपनी सफेद स्कॉर्पियो SUV में सवार थे। हमलावरों ने एक कार से उनकी गाड़ी रोकी और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पॉइंट-ब्लैंक रेंज से फायरिंग की। हमलावरों ने Glock 47X पिस्तौलों से कई राउंड गोलियां चलाईं। रथ के सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके साथ वाहन चला रहे बुद्धदेव बेरा भी घायल हुए और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों के वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोला-बारूद बरामद किए हैं तथा वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रथ के शरीर में तीन गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। अत्यधिक खून बहने और महत्वपूर्ण अंगों के विफल होने से उनकी मौत हुई।
