अमेरिका।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलना चाहिए, अन्यथा बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान की नई और अधिक तर्कसंगत सरकार के साथ बातचीत जारी है, लेकिन अगर जल्द सहमति नहीं बनी और होर्मुज नहीं खोला गया तो ईरान के तेल के कुएं उड़ा दिए जाएंगे।
ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान के बिजली संयंत्र और अन्य प्रमुख सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ईरान के डीसैलिनेशन प्लांट को भी निशाना बनाया जाएगा, जो समंदर के खारे पानी को पीने लायक बनाने के लिए इस्तेमाल होते हैं। ट्रंप ने कहा कि अभी तक इन संयंत्रों को जानबूझकर टारगेट नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही इन्हें भी निशाना बनाया जाएगा।
ट्रंप ने कहा कि ईरान के हमलों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों का खामियाजा तेहरान को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने खार्ग द्वीप को उड़ा देने की भी बात कही। बीते हफ्ते ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका दस दिनों के लिए ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले नहीं करेगा।ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की सीधी बातचीत से इनकार कर दिया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने बातचीत की इच्छा जताई है, लेकिन उसकी शर्तें अतार्किक हैं। इस बीच स्पेन ने ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए अपना एयरस्पेस और मिलिट्री बेस बंद कर दिए हैं।
