भोपाल। में 12 मई को कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से झूलती हुई मिली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को जांच अपने हाथ में ले ली है। CBI की स्पेशल क्राइम यूनिट ने राज्य पुलिस से मामला संभालते हुए FIR दर्ज कर ली और भोपाल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया है।
इस कड़ी में बता दें कि, FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं को शामिल किया गया है। घटना की रात ट्विशा ने 9 बजकर 41 मिनट पर अपनी मां से फोन पर बात की थी, जिसमें पृष्ठभूमि में पति समर्थ सिंह की चिल्लाने की आवाज सुनी गई। इसके बाद फोन कट गया। जब परिवार ने दोबारा संपर्क किया तो सास गिरिबाला सिंह ने बताया कि ट्विशा अब दुनिया में नहीं रही। ट्विशा को रात 10 बजकर 20 मिनट पर AIIMS भोपाल ले जाया गया, जहां 13 मई की रात 12 बजकर 5 मिनट पर उन्हें मृत घोषित किया गया।
गोर करने वाली बात यह हैं कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे से लटकना बताया गया है, लेकिन शरीर पर मौत से पहले लगी कई चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जो ब्लंट फोर्स ट्रॉमा से जुड़े हो सकते हैं। ट्विशा के परिवार ने शादी (9 दिसंबर 2025) के बाद दहेज से असंतोष, मानसिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। CBI अब मौत के असली कारण, चोटों की उत्पत्ति, अंतिम घटनाक्रम, दहेज संबंधी विवाद और गिरिबाला सिंह द्वारा कथित जांच प्रभावित करने के आरोपों समेत सात प्रमुख सवालों के जवाब तलाश रही है।
