ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना में मंगलवार सुबह पीर निगाह मंदिर के पास श्रद्धालुओं से भरा एक मालवाहक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में करीब 50 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस संबंध मे बताते चले कि, हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री सहित पानीपत, फतेहाबाद और अन्य क्षेत्रों से आए श्रद्धालु रविवार को उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह पहुंचे थे। उन्होंने यहां माथा टेकने के साथ लंगर भी लगाया था। मंगलवार सुबह वे माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद घर लौटने वाले थे। इसी दौरान पीर निगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में 14 टायर वाले मालवाहक वाहन का चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
आखिर में जानकारी देते चले कि, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। निजी वाहनों तथा 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना ऊना की टीम मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज करने शुरू किए। घायल रमेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालु हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से एक साथ पीर निगाह आए थे।गौरतलब है कि पीर निगाह मार्ग पर मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं के सफर का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक सप्ताह पहले भी मालवाहक वाहन पलटने से हादसा हुआ था।
