नई दिल्लीआईपीएल 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के तूफानी प्रदर्शन पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान गदगद हो गए। उन्होंने बीसीसीआई सेलक्टर्स से मांग की कि वैभव को तुरंत टीम इंडिया की डेब्यू कैप दे दी जाए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में वैभव ने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया, जो सीधे दर्शक दीर्घा में जा गिरा। उन्होंने 14 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और एक चौका शामिल था। इरफान पठान ने कहा, “सूर्यवंशी किस्मत के धनी हैं। 15 साल की उम्र में व्हाइट बॉल क्रिकेट में जो वो कर रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि हमने पहले कभी किसी को ऐसा करते देखा है।”
इरफान पठान ने बताया कि वैभव पिछले साल बुमराह की गेंद पर आउट हुए थे और इस बार उन्होंने कहा था कि वह बुमराह को शॉट मारेंगे। पठान ने कहा कि वैभव ने बुमराह जैसे गेंदबाज को भी सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि बुमराह व्हाइट बॉल क्रिकेट में भारत के लिए ‘GOAT’ हैं और वैभव ने उनके खिलाफ यह कारनामा कर दिखाया।
बारिश के कारण मैच दो घंटे 40 मिनट देरी से शुरू हुआ और इसे 11-11 ओवर का कर दिया गया। वैभव और यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन की साझेदारी की। राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर में तीन विकेट पर 150 रन बनाए। मुंबई इंडियंस 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नौ विकेट पर 123 रन ही बना सकी।
