समाचार मिर्ची

कोलकाता।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में बुधवार 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। इन सीटों में कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया और पूर्वी बर्धमान के सात जिलों शामिल हैं। यह 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दूसरा चरण है। सुबह से मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं और कुछ जगहों पर बारिश के बावजूद मतदाताओं में उत्साह रहा।

चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर तीन बजे तक 78.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह 11 बजे तक 39.97 प्रतिशत और दोपहर एक बजे तक 61.11 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी। कुछ बूथों पर ईवीएम खराब होने से देरी हुई, जिसके चलते हावड़ा में मतदान सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ। चुनाव आयोग ने कहा कि यदि किसी बूथ पर समस्या आती है तो वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा।

भवानीपुर में भाजपा प्रत्याशी और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी बूथ पर पहुंचे तो तनाव की स्थिति बन गई। टीएमसी समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाए। अधिकारी ने दावा किया कि नारे लगाने वाले लोग बांग्लादेश के थे और मतदाता सूची में उनका नाम नहीं था। उन्होंने कहा कि इन लोगों को 15 मिनट तक नारे लगाने दिया गया ताकि कैमरे में रिकॉर्ड हो सके। अधिकारी ने ‘जय श्री राम’ और ‘हिंदू हिंदू भाई-भाई’ के नारे लगाकर जवाब दिया। बाद में सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आई।

इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर से और सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर व नंदीग्राम से चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर झड़पों और हमलों की खबरें भी आईं, जिनमें भाजपा एजेंट पर हमला और एक उम्मीदवार की गाड़ी पर हमला शामिल है। सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। मतगणना 4 मई को होनी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version