कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने मंगलवार को 24×7 नागरिक हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की है। यह हेल्पलाइन राज्य में आगामी दो चरणों वाले विधानसभा चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के उद्देश्य से लॉन्च की गई है। चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होने वाले हैं।
राज्यपाल कार्यालय की ओर से मंगलवार शाम जारी बयान में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों में राज्यपाल ने आम जनता से कई मुलाकातें कीं। लोगों ने चुनाव से पहले और बाद में होने वाली हिंसा को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। कई लोगों ने पुराने अनुभव साझा किए, जिनमें चुनाव के दौरान हिंसा, परिवार के सदस्यों की हत्या और मतदान से रोके जाने जैसी घटनाएं शामिल थीं। कुछ ने बताया कि डराने-धमकाने के बावजूद वोट डालने पर उन्हें शारीरिक हमले का सामना करना पड़ा।
बयान के अनुसार, राज्य प्रशासन और पुलिस ने चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसके बावजूद लोगों की मदद के लिए राजभवन ने यह 24×7 हेल्पलाइन शुरू की है। हेल्पलाइन शिकायतें प्राप्त करेगी, उनका जल्द समाधान कराने का प्रयास करेगी और लोगों को सही संस्थागत सहायता तक पहुंचाने में मदद करेगी। सभी शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ देखा जाएगा।
राज्यपाल ने राज्य के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान जरूर करें। उन्होंने कहा कि हर वोट महत्वपूर्ण है।यह पहल 2023 के पंचायत चुनावों के दौरान पूर्व राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस द्वारा उठाए गए कदम की तर्ज पर है, जब राजभवन में ‘पीस रूम’ खोला गया था। यह व्यवस्था 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी जारी रही थी।
