इटानगर। अरूणाचल प्रदेश के तिरप जिले; देवमाली में नोकटे समुदाय का सबसे प्रमुख त्योहार चालो लोकू बड़े उत्साह और परंपरागत तरीके से मनाया गया। इस खास अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में नोकटे समुदाय की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर, एकजुटता और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता को बेहद खूबसूरती से दर्शाया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत स्वागत समारोह से हुई। इस दौरान अरूणाचल के कैबिनेट मंत्री वांगकी लोवांग ने उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर क्षण पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने और समुदाय की एकता को मजबूत करने वाला रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में 51-नामफोंग विधानसभा क्षेत्र (अरुणाचल प्रदेश) के विधायक श्री लैसम सिमाई उपस्थिति रहे। इस अवसर पर प्रसिद्ध साहित्यकार श्री देंहांग बोसाई द्वारा लिखित एक महत्वपूर्ण पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला ने दर्शकों का दिल जीत लिया। मॉडर्न डांस प्रतियोगिता की विजेता टीम की प्रस्तुति, मिस पोयुम कोंगकांग एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत मेगा डांस और अंत में पुलोंग डांस ट्रूप की लुभावनी प्रस्तुति ने चालो लोकू उत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।
मंत्री वांगकी लोवांग ने किया संबोधित
इस अवसर पर मंत्री वांगकी लोवांग ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि चालो लोकू हमारी समृद्ध संस्कृति की झलक है। उन्होंने कहा कि उनके हर पर्व प्रकृति से जुड़े हैं। हर पर्व का संबंध फसलों से होता है। मंत्री लोवांग ने कहा कि हम उत्सव के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता को व्यक्त करते हैं क्योंकि वो ही हमारी जीवनदायिनी है। आगे मंत्री लोवांग ने कहा कि चालो लोकू त्योहार नोकटे समुदाय के लिए केवल उत्सव ही नहीं, बल्कि एकता, कृतज्ञता और संकटों पर विजय प्राप्त करने की अटूट भावना का प्रतीक है।
