जम्मू-कश्मीर श्री माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने बुकिंग से जुड़े फ्रॉड और धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे फर्जी मैसेज, फोन कॉल या व्हाट्सएप फॉरवर्ड के जरिए कोई भी पेमेंट न करें, क्योंकि ऐसे प्रयासों से आर्थिक नुकसान हो सकता है।
गौरतलब हैं कि, यह एडवाइजरी 7 जनवरी 2026 को जारी की गई, जब हाल के दिनों में कई श्रद्धालु फर्जी वेबसाइटों, मैसेज और कॉलों के शिकार हुए। श्राइन बोर्ड ने बताया कि ऐसे फ्रॉड में लोग हजारों रुपये गंवा चुके हैं। विशेष रूप से हेलीकॉप्टर टिकट, रूम बुकिंग (कटरा, अधकुंवारी, भवन) और यात्री पर्ची (यात्रा रजिस्ट्रेशन स्लिप) के नाम पर ठगी के मामले बढ़े हैं।
यात्रा की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां रजिस्ट्रेशन के लिए नया देवोटी अकाउंट बनाएं, यूजर आईडी और पासवर्ड चुनें, फिर यात्री पर्ची (Yatra Parchi) बुक करें। बच्चों (5 वर्ष से कम) के लिए पर्ची जरूरी नहीं है। रूम बुकिंग कटरा, अधकुंवारी, भवन आदि में उपलब्ध हैं, और हेलीकॉप्टर जैसी सेवाएं भी इसी प्लेटफॉर्म से मिलती हैं। पेमेंट करने से पहले URL चेक करें, HTTPS सर्टिफिकेट देखें और पेमेंट गेटवे की वैधता सुनिश्चित करें।
बता दें कि, वैष्णो देवी यात्रा एक आध्यात्मिक यात्रा है, जहां लाखों श्रद्धालु हर साल मां के दर्शन के लिए जाते हैं। लेकिन फ्रॉड के कारण यात्रा की खुशी में खलल पड़ सकता है। श्राइन बोर्ड ने कहा है कि वे लगातार ऐसी धोखाधड़ी पर नजर रख रहे हैं और कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बोर्ड की प्राथमिकता है। इसलिए, यात्रा से पहले आधिकारिक चैनल्स से ही बुकिंग करें।
