इजरायल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे से पहले इजरायल में मोदीमय माहौल बन गया है। इजरायल के प्रमुख अखबार ‘द यरुशलम पोस्ट’ ने बुधवार को अपने फ्रंट पेज पर पीएम मोदी की प्रमुखता से कवरेज की है। अखबार के एडिटर-इन-चीफ ज़्विका क्लेन ने फ्रंट पेज की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें पीएम मोदी की हाथ हिलाते हुए फोटो छपी है। फ्रंट पेज पर एक प्रमुख हेडलाइन ‘वेलकम, मोदी’ लिखी गई है, जबकि दूसरी सुर्खी ‘नई दिल्ली की यरुशलम के साथ बढ़ती पार्टनरशिप’ है। अखबार में पीएम मोदी के दौरे और भारत-इजरायल संबंधों पर आधारित फीचर स्टोरीज भी प्रकाशित की गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 से 26 फरवरी तक इज़रायल के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जो 2017 के बाद उनका दूसरा राज्य दौरा है। इस यात्रा के दौरान वह इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। मोदी इज़रायली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे और दोनों देशों के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार और सुरक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
मोदी के दौरे को ऐतिहासिक बताया जा रहा है क्योंकि वह पहली बार इज़रायल की संसद को संबोधित करने वाले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। इज़रायल में उनके स्वागत के तौर तरीके, संसद को भारतीय तिरंगे के रंगों से सजाया जाना तथा मीडिया कवरेज इस दौरे की महत्ता को दर्शाते हैं।दोनो देशों के बीच कूटनीतिक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद है, जिसमें उच्च तकनीकी सहयोग, सुरक्षा तथा आर्थिक क्षेत्र में समझौतों की भी संभावना जताई जा रही है। फ्रंट पेज कवरेज से पता चलता है कि इज़रायली मीडिया इस यात्रा को विशेष महत्व दे रही है।
गौरतलब हैं कि, 2017 में पीएम मोदी ने इजरायल का पहला दौरा किया था, जब वे भारत के पहले प्रधानमंत्री बने थे जो इस देश गए। वर्तमान दौरा दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों की मजबूती को दर्शाता है, जिसमें रक्षा, अर्थव्यवस्था और अन्य क्षेत्रों में सहयोग प्रमुख है। इजरायली मीडिया की इस व्यापक कवरेज से स्पष्ट है कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर वहां उत्साह का माहौल है।
