नई देिल्ली।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को जारी होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम से इस किस्त की राशि लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर चार महीने में 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से खाते में पहुंचती है। अब तक 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
हालांकि, सभी पंजीकृत किसानों को यह राशि नहीं मिलेगी। जिन किसानों ने ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके खाते में 2,000 रुपये नहीं आएंगे। ई-केवाईसी योजना के लाभ प्राप्त करने के लिए अनिवार्य है। इसके अलावा, फार्मर आईडी बनवाना भी आवश्यक हो गया है, और जिन्होंने यह नहीं कराया है, उन्हें भी किस्त मिलने में समस्या आ सकती है। सरकार समय-समय पर लाभार्थियों की जांच करती है, जिसके कारण कुछ किसानों के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं।
किसानों को सलाह दी जा रही है कि 13 मार्च से पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर अपना आवेदन स्टेटस चेक कर लें। ‘Know Your Status’ विकल्प में आधार नंबर या बैंक खाता विवरण डालकर स्थिति पता की जा सकती है। यदि कोई कमी है तो उसे तुरंत सुधार लें, ताकि किस्त का लाभ मिल सके।
