नई दिल्ली। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (56 वर्ष) के सार्वजनिक रूप से न दिखने से अटकलें तेज हो गई हैं। इजरायली खुफिया एजेंसियों का आकलन है कि वह इजरायल-अमेरिका के संयुक्त हवाई हमलों में घायल हो गए हैं। एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि इसी चोट के कारण वह सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स ने तीन ईरानी और दो इजरायली अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट किया कि हमलों के पहले दिन ही वह घायल हुए थे।
मोजतबा खामेनेई, पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं, जिन्हें सोमवार को नए सुप्रीम लीडर के रूप में चुना गया था। उनके पिता और पत्नी की मौत 28 फरवरी को इजरायली हमले में हुई थी, जिसके साथ युद्ध की शुरुआत हुई। नए लीडर बनने के बाद से मोजतबा की कोई नई तस्वीर, वीडियो या बयान जारी नहीं हुआ है। ईरानी स्टेट टीवी ने पुरानी फुटेज दिखाई और उन्हें “रमजान वॉरियर” (रमजान युद्ध में घायल योद्धा) कहा, जिससे घायल होने का संकेत मिलता है। उन्हें भूमिगत या छिपे होने की बात कही जा रही है।
इजरायली खुफिया रिपोर्टों से अटकलें बढ़ी हैं, लेकिन ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बेटे यूसुफ पेजेशकियान ने टेलीग्राम पर अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि उनके संपर्कों से पता चला है कि मोजतबा ठीक हैं और कोई समस्या नहीं है। ईरानी राज्य मीडिया ने घायल होने का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया, जबकि इजरायल का दावा है कि आईआरजीसी ने उन्हें कट्टर नीतियों के समर्थन के लिए चुना। स्थिति पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
