न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर 23 मार्च 2026 को एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एयर कनाडा एक्सप्रेस का सीआरजे-900 विमान लैंडिंग के दौरान रनवे 4 पर एक फायर ट्रक से टकरा गया। इस टक्कर में विमान के पायलट और को-पायलट की मौत हो गई। विमान मॉन्ट्रियल से आ रहा था और इसमें 72 यात्रियों सहित चार क्रू मेंबर्स सवार थे। टक्कर की गति लगभग 24 मील प्रति घंटा (39 किमी/घंटा) बताई गई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पायलट और ट्रक चालक को बार-बार रुकने के निर्देश दिए थे, लेकिन वे समय पर रुक नहीं पाए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान का आगे का हिस्सा हवा में उठा हुआ और नाक क्षतिग्रस्त दिख रहा है। घटना रविवार रात करीब 11:40 बजे स्थानीय समय पर हुई। पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यू जर्सी के अनुसार, फायर ट्रक पोर्ट अथॉरिटी पुलिस द्वारा संचालित था।
हादसे के बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों के लिए ग्राउंड स्टॉप जारी कर दिया, जिससे एयरपोर्ट बंद हो गया। कई यात्री घायल हुए हैं, जिसमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने कम से कम पांच फायरफाइटर्स के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी। एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग टीमों ने मौके पर रेस्क्यू और इवैक्यूएशन ऑपरेशन चलाए। जांच जारी है और एफएए द्वारा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
