नई दिल्ली।ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) ने केंद्र सरकार से पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग की मात्रा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने की मांग की है। एसोसिएशन ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है। साथ ही फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने और डीजल में एथेनॉल ब्लेंडिंग की संभावनाओं का पता लगाने की अपील भी की गई है।
AIDA ने कहा कि भारत ने समय से पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इससे देश को कच्चे तेल के आयात में काफी बचत हुई है। एसोसिएशन का मानना है कि E30 पेट्रोल अपनाने से आयात पर निर्भरता और कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी तथा ऊर्जा सुरक्षा मजबूत बनेगी।
एसोसिएशन ने फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों पर विशेष ध्यान देने की सिफारिश की है, जो विभिन्न स्तर के एथेनॉल ब्लेंड (100 प्रतिशत तक) पर चल सकते हैं। इसके अलावा घरेलू और व्यावसायिक रसोई में एथेनॉल आधारित बर्नर तथा कुकिंग सिस्टम को बढ़ावा देने का सुझाव दिया गया है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और गैर-मेट्रो शहरों में।
AIDA ने सरकार से मुलाकात कर एथेनॉल उपयोग बढ़ाने का विस्तृत रोडमैप पेश करने की इच्छा जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोकसभा में कहा था कि एथेनॉल ब्लेंडिंग के कारण भारत सालाना लगभग 4.5 करोड़ बैरल पेट्रोल का आयात कम कर रहा है। 1 अप्रैल से देशभर में E20 ब्लेंड पेट्रोल बिक्री शुरू होने जा रही है।
