नई दिल्ली। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी सिलेंडर रिफिल बुकिंग की समय-सीमा में किसी भी तरह के बदलाव की खबरों का खंडन किया है। मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि सरकार के संज्ञान में कुछ समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट आए हैं, जिनमें एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए संशोधित समय-सीमा का दावा किया जा रहा है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि रिफिल बुकिंग की मौजूदा समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दिए गए कनेक्शनों के लिए सिलेंडर रिफिल बुकिंग की समय-सीमा 45 दिन, गैर-उज्ज्वला सिंगल सिलेंडर रिफिल के लिए 25 दिन और गैर-उज्ज्वला डबल सिलेंडर रिफिल के लिए 35 दिन तय की गई है।
मंत्रालय के अनुसार, इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है। वर्तमान में लागू बुकिंग नियमों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना वर्ष 2016 में देश की महिलाओं को फ्री गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई थी।यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब सोशल मीडिया पर विभिन्न समय-सीमाओं को लेकर भ्रामक पोस्ट वायरल हो रहे थे। मंत्रालय ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी नियमों से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।
मंत्रालय ने किया साफ – कोई बदलाव नहीं
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपने बयान में दो टूक कहा कि एलपीजी सिलेंडर बुकिंग प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी है और इसमें किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया गया है। उपभोक्ता पहले की तरह ही फोन, मोबाइल ऐप या अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से अपनी सुविधा अनुसार बुकिंग कर सकते हैं।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से कोई नई गाइडलाइन या नियम जारी नहीं किया गया है, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
उपभोक्ताओं से सतर्क रहने की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों को बिना पुष्टि के साझा करने से बचें।
मंत्रालय ने कहा कि अगर किसी भी उपभोक्ता को एलपीजी से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वे आधिकारिक स्रोतों जैसे मंत्रालय की वेबसाइट, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के पोर्टल या अधिकृत गैस एजेंसी से संपर्क करें। इससे उन्हें सही और प्रमाणिक जानकारी मिल सकेगी।
