चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी को आईपीएल 2026 से पहले चोट का बड़ा झटका लगा है। पिंडली (काफ) में खिंचाव के कारण धोनी करीब दो हफ्ते तक मैदान से बाहर रहेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने शनिवार, 28 मार्च 2026 को इसकी पुष्टि की।
धोनी आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों और पहले चार मैचों से बाहर रहेंगे। इससे सीएसके को शुरुआती दौर में नेतृत्व और फिनिशिंग की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। फ्रेंचाइजी के मुताबिक, धोनी की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन या उर्विल पटेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
धोनी की अनुपस्थिति से टीम की गहराई की परीक्षा होगी, खासकर सीजन की शुरुआत में। पिछले सीजन में धोनी ने सभी 14 मैच खेले थे और 135 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए थे। 44 वर्षीय धोनी 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वे लगातार आईपीएल में खेलते आ रहे हैं।
धोनी के बाहर रहने वाले शुरुआती मैचों में 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स बनाम सीएसके, 3 अप्रैल को सीएसके बनाम पंजाब किंग्स, 5 अप्रैल को आरसीबी बनाम सीएसके और 11 अप्रैल को सीएसके बनाम दिल्ली शामिल हैं। अगर धोनी बाद में वापसी करते हैं तो वे आईपीएल में खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं।
