जेवर (उत्तर प्रदेश), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यहां हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा। एयरपोर्ट का शिलान्यास भी उन्होंने ही किया था और आज उद्घाटन का सौभाग्य मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि यह एयरपोर्ट न केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, बल्कि नए भारत के भविष्य की उड़ान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां कई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मौजूद हैं। इस एयरपोर्ट से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों जैसे आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा और बुलंदशहर को बड़े आर्थिक और विकास के अवसर मिलेंगे।
पहले चरण में करीब 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। टर्मिनल भवन 1,38,000 वर्ग मीटर में फैला है, जबकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर करीब 38 मीटर ऊंचा है। रनवे 3,900 मीटर लंबा है। पहले चरण में एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता 1.2 करोड़ होगी। यह दिल्ली-एनसीआर के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव कम करेगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एयरपोर्ट किसानों, छोटे-लघु उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा। यहां से न केवल विमान उड़ेंगे, बल्कि यह विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की उड़ान का प्रतीक बनेगा। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
