लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पांचवें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच बुधवार रात इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान स्टेडियम के एक स्टैंड में दर्शकों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हुई और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस घटना का 23 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
वीडियो में दिख रहा है कि दो दर्शकों के बीच किसी बात को लेकर पहले धक्का-मुक्की हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। पीछे खड़े लोग “मार उसे मार” कहते सुनाई दे रहे हैं। एक पुलिसकर्मी मामले को शांत करते नजर आया। हालांकि, फैंस के बीच यह लड़ाई किस बात को लेकर हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 141 रन बनाए। मिचेल ने 35, अब्दुल ने 36, मुकुल ने 14, शाहबाज ने 15 और पंत ने 7 रन बनाए। दिल्ली ने समीर रिजवी की नाबाद 70 रनों की पारी के दम पर 17 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह घटना IPL 2026 सीजन के शुरुआती मैच के दौरान हुई, जिसमें इकाना स्टेडियम को जंग के अखाड़े के रूप में बताया जा रहा है। वीडियो पर ट्वीट में लिखा गया, “Huge fight between LSG and DC fans during the LSG vs DC match at Ekana Stadium, Lucknow.”
