मुंबई।हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान होस्ट सौरभ द्विवेदी ने बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के पुराने चेक बाउंस मामले पर मजाकिया टिप्पणी की। उन्होंने मंच पर कहा कि डॉलर ऊपर जाए या नीचे जाए लेकिन राजपाल यादव को अपना कर्ज चुकाना ही पड़ेगा। इस बात से माहौल थोड़ा असहज हो गया, हालांकि राजपाल यादव ने इसे हल्के अंदाज में लेने की कोशिश की।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सौरभ द्विवेदी की काफी आलोचना हुई। कई लोगों ने इसे अभिनेता का मजाक उड़ाना बताया। विवाद बढ़ने पर सलमान खान ने राजपाल यादव का खुलकर समर्थन किया। सलमान ने कहा कि राजपाल यादव पिछले 30 साल से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और उनकी मेहनत व टैलेंट किसी भी व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति से ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी के निजी संघर्षों को सार्वजनिक मंच पर उठाना ठीक नहीं है।
इस समर्थन के बाद राजपाल यादव का रुख अचानक बदला। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को ज्यादा तूल नहीं देना चाहते। राजपाल यादव ने लोगों से अपील की कि सौरभ द्विवेदी को निशाना न बनाया जाए। उन्होंने संकेत दिया कि मंच पर कही गई बातें कभी-कभी माहौल में बहकर निकल जाती हैं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से लेने की जरूरत नहीं है।
राजपाल यादव के इस रुख से सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए। कुछ ने उनकी समझदारी की तारीफ की तो कई ने कहा कि उन्हें अपने सम्मान के लिए सख्त रुख अपनाना चाहिए था। इस पूरे विवाद की जड़ 2010 के चेक बाउंस मामले में है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म असफल रही और बाद में बकाया राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। अप्रैल 2018 में अदालत ने उन्हें और उनकी पत्नी को दोषी ठहराया था, जिसकी अपील अभी भी जारी है। 2025 में उन्होंने 75 लाख रुपये चुकाए थे।
