गाजियाबाद: शादी के नाम पर महिलाओं से धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक शातिर आरोपी को गाजियाबाद की नंदग्राम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 35 वर्षीय आरोपी नरेंद्र शर्मा पर मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए खुद को अविवाहित बताकर एक-दो नहीं, बल्कि 15 अलग-अलग महिलाओं से शादी करने और उन्हें ब्लैकमेल कर करीब 18 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है।
4 राज्यों की महिलाओं को बनाया शिकार पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नरेंद्र ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाकर जीवनसाथी तलाश रहीं महिलाओं से संपर्क करता था। खुद को कुंवारा बताकर वह उनका विश्वास जीतता और फिर शादी कर लेता था। आरोपी ने उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र की महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उसने अपनी दूसरी पत्नी को अलग से एक फ्लैट में ठहरा रखा था।
अश्लील वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद नरेंद्र अपनी पत्नियों की अश्लील फोटो और वीडियो बना लेता था। इसके बाद वह बदनामी का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूलता और अपनी नाजायज शर्तें मनवाता था। कुछ समय साथ रहकर रुपये ऐंठने के बाद वह महिला को अकेला छोड़कर फरार हो जाता था।
मेरठ की पीड़िता की शिकायत से खुला राज इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा मेरठ निवासी मुस्कान की शिकायत पर हुआ। मुस्कान के अनुसार, मैट्रिमोनियल साइट पर बातचीत के बाद नरेंद्र ने उससे शादी की, लेकिन बाद में धोखा देकर उसका गर्भपात करा दिया और उसे छोड़कर मुंबई भाग गया। पीड़िता ने नंदग्राम थाने में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए 15 शादियों और लाखों की वसूली का पर्दाफाश कर आरोपी को दबोच लिया।
