कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर चुनिंदा वाहन जांच का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। बुधवार को इस्लामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर हिम्मत है तो उनकी गाड़ी रोज चेक की जाए, लेकिन प्रधानमंत्री की गाड़ी की जांच क्यों नहीं होती।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि कोलकाता एयरपोर्ट जाते समय केंद्रीय बलों ने उनकी गाड़ी की जांच करने की कोशिश की। इसके अलावा डम डम एयरपोर्ट के पास भी उनकी गाड़ी को रोका गया। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और टीएमसी नेताओं व कार्यकर्ताओं को डराने की रणनीति काम नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वाड टीएमसी नेताओं और मंत्रियों की गाड़ियों की सख्ती से जांच कर रही है, जबकि अन्य पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। टीएमसी के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने भी चुनाव आयोग पर टीएमसी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने कहा कि गिरफ्तारी की धमकियां और डराने की कोशिशें बंगाल में सफल नहीं होंगी।इस घटनाक्रम के बीच ममता बनर्जी ने केंद्र पर बंगाल को अस्थिर करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के जरिए टीएमसी को दबाव में डाला जा रहा है।
