भारत में इस बार अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जिले में लू चलने और तापमान के खतरनाक स्तर तक पहुंचने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो आम जनजीवन के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल से तापमान बढ़ना शुरू हो गया था और 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। आज 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा। 17 अप्रैल को 42 डिग्री, 18 अप्रैल को 43 डिग्री, 22 अप्रैल को 44 डिग्री और 23 अप्रैल को 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के आसपास रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लू के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। हापुड़ जिले के नौ अस्पतालों में हीटवेव वार्ड तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें सबसे बड़ा वार्ड जिला अस्पताल में होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने इसकी पुष्टि की। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कपिल गौतम ने बताया कि मौसम बदलने से खांसी, जुकाम, बुखार और पेट संबंधी मरीज बढ़ गए हैं।
लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें। भरपूर पानी, नींबू पानी, छाछ और दही जैसी चीजें पिएं। खीरा, तरबूज और खरबूजा जैसे फल खाएं। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, टोपी, चश्मा और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें। एसी और कूलर पहले से तैयार कर लें ताकि अचानक गर्मी में समस्या न हो। स्वास्थ्य विभाग ने सिरदर्द, चक्कर या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत छाया में आराम करने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।
