हरदोई। हरदोई के मल्लावां में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। मोदी ने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है।प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन सपाइयों के हाथ से योगी आदित्यनाथ के हाथ में सत्ता गई है, उन्हें उत्तर प्रदेश की प्रगति पसंद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में देश ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का नारी विरोधी चेहरा देखा है।
मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन का जिक्र करते हुए बताया कि केंद्र की एनडीए सरकार इस संशोधन को लाई थी। यदि यह संसद से पास हो जाता तो 2029 के चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण मिल जाता। इससे बिना किसी अन्य वर्ग की सीटें घटाए बड़ी संख्या में महिलाएं लखनऊ और दिल्ली पहुंचतीं। लेकिन समाजवादी पार्टी ने इस संशोधन के खिलाफ वोट किया।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी यहां से वोट लेकर जाती है और संसद में उत्तर प्रदेश के लोगों को गाली देने वालों के साथ खड़ी हो जाती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी सुधर नहीं सकती और वह हमेशा परिवारवाद व जातिवाद से ऊपर विकास विरोधी राजनीति करती रहेगी। इसलिए उत्तर प्रदेश को समाजवादी पार्टी और अन्य ऐसी पार्टियों से सावधान रहना चाहिए।
गौरतलब है कि 594 किलोमीटर लंबा यह छह लेन वाला गंगा एक्सप्रेसवे 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह उत्तर प्रदेश के 12 जिलों और 519 गांवों को जोड़ता है तथा 12 औद्योगिक गलियारों के माध्यम से राज्य की अर्थव्यवस्था का आधार बनेगा।
