कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव नहीं हारी है, इसलिए इस्तीफा नहीं देंगी। मंगलवार को अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग को मुख्य विलेन बताया।
ममता बनर्जी ने कहा, “मैं क्यों जाऊंगी। हम तो हारे नहीं हैं कि जाएंगे। हार का सुबूत देते तो इस्तीफा देते।” उन्होंने आगे कहा कि पार्टी सदस्यों के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा होगी और वह बीजेपी के अत्याचारों को बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने सड़कों पर लौटने की भी बात कही।
संविधान के अनुच्छेद 164 के अनुसार मुख्यमंत्री राज्यपाल की इच्छा तक पद पर रहते हैं। चुनाव के बाद राज्यपाल बहुमत वाली पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद नई विधानसभा में विश्वास मत का परीक्षण होगा। अगर ममता बनर्जी इस्तीफा नहीं देतीं तो राज्यपाल मंत्रिपरिषद को बर्खास्त कर सकते हैं।
