नई दिल्ली। शेयर बाजार में मंगलवार को भी तेज गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को बड़ी गिरावट के बाद सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भी दोनों प्रमुख इंडेक्स खुलते ही क्रैश हो गए। BSE Sensex 700 अंक से ज्यादा टूटा, जबकि NSE Nifty 160 अंक से अधिक फिसला।
कारोबार शुरू होने पर Sensex पिछले बंद 76,015 के स्तर से गिरकर 75,688 पर खुला और कुछ ही मिनटों में 723 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 75,291 के स्तर पर पहुंच गया। Nifty भी 23,815 के पिछले बंद से 23,722 पर खुला और 23,633 तक फिसल गया। IT कंपनियों में भारी बिकवाली देखी गई, जिसमें TCS, Infosys और Tech Mahindra के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का बाजार पर असर दिख रहा है। PM मोदी ने सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल का सीमित इस्तेमाल करने की सलाह दी थी, जिसे उन्होंने 24 घंटे में दोहराया भी। हॉर्मुज स्ट्रेट पर तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल (Brent Crude 105 डॉलर प्रति बैरल के पार) ने भी निवेशकों में डर पैदा किया है।
