नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के दौरे पर जाएंगे। ANI के मुताबिक ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच उनका पहला पड़ाव UAE होगा, जहां ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा होने की संभावना है।PM मोदी 15 मई को UAE पहुंचेंगे और राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। बैठक में ऊर्जा सहयोग, क्षेत्रीय हालात और भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा होगी। UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और वहां 45 लाख से ज्यादा भारतीय रहते हैं। पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर पड़ा है, जिसे देखते हुए इस दौरे को अहम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान PM मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। वहां वह प्रधानमंत्री रॉब जेटन, किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में रक्षा, सुरक्षा, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और जल साझेदारी पर चर्चा होगी।
इसके बाद PM मोदी 17-18 मई को स्वीडन और 18-19 मई को नॉर्वे जाएंगे। नॉर्वे के ओस्लो में 19 मई को तीसरा इंडिया-नॉर्डिक समिट आयोजित होगा, जिसमें ग्रीन ट्रांजिशन, ब्लू इकॉनमी, रक्षा, स्पेस और नई टेक्नोलॉजी पर चर्चा होगी। दौरे के अंतिम चरण में 19-20 मई को इटली में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से मुलाकात होगी, जिसमें भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, रक्षा सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा जैसे मुद्दे शामिल होंगे।
