नई दिल्ली। हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ चार अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा इलाके में वेटरनरी ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंत बिस्वा सरमा और चारों विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले चार विधायकों में भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, असम गण परिषद (AGP) के अतुल बोरा तथा बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) के चरण बोरो शामिल हैं। इनमें नेओग, बोरा और बोरो हिमंत सरमा की पिछली कैबिनेट के सदस्य रहे हैं, जबकि रामेश्वर तेली पहले केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।
यह असम में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार के गठन के बाद हुआ है। एनडीए ने 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीटें जीती थीं, जिनमें भाजपा को 82 और उसके सहयोगी एजीपी व बीपीएफ को 10-10 सीटें मिली थीं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
