छिंदवाड़ा। भारतीय सेना की 12 आर्म्ड रेजीमेंट से 17 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए निलेश पराडकर के सम्मान में बुधवार को भव्य स्वागत रैली एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, परिजनों एवं नागरिकों ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।
स्वागत रैली सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर, सिमरिया से प्रारंभ होकर उमरानाला, खेड़ी और मऊ होते हुए मोहखेड़ मुख्यालय, धरमपुर, सारोठ और राजेगांव पहुंची। इसके बाद रैली चारगांव, कामठी और रजाड़ा (मोरंड) उनके गृहग्राम से होती हुई इमलीखेड़ा स्थित निवास पहुंची।
रैली के दौरान मऊ ग्राम में सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने निलेश पराडकर का पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ स्वागत किया। बच्चों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए। वहीं मोहखेड़ मुख्यालय में भी स्कूली बच्चों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राजेगांव में भी ग्रामीणों ने भव्य स्वागत कर देशसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इमलीखेड़ा पहुंचने पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें निलेश पराडकर की राष्ट्रसेवा, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया गया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा समिति, छिंदवाड़ा के अध्यक्ष देवेंद्र डोबले, तहसील प्रभारी रेशम डिगरसे, सुभाष साहू, संजय पाठे, अर्जुन पाठे, राजू देशमुख, अजय गाडरे, विलाश घोगरे, विनोद फरकारे, बालकराम डोंगरे एवं राधेश्याम कड़वे सहित समिति के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों का सम्मान समाज का नैतिक दायित्व है। ऐसे आयोजन सैनिकों के त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
